मिलक (रामपुर)। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसान आंदोलन के मुद्दे पर दो टूक कहा कि तीनों कृषि कानूनों की वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं है। उन्होंने कहा कि संघर्ष से समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वे पत्रकारों से बात कर रहे थे।
नगर में लखीमपुर खीरी जाते हुए हाईवे पर रोरा कला के पास एक ढाबे पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत कुछ देर रुके। उन्होंने किसान आंदोलन के मुद्दे पर दो टूक बात की। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष जारी है और समाधान तक चलेगा। यह वैचारिक क्रांतिकारी लड़ाई है। लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर उनका दावा था कि यह योजनाबद्ध तरीके से हुआ है जिसकी योजना 10 दिन पहले बनाई थी कि कैसे किसानों के आंदोलन को कुचलकर दबाया जाए। उन्होंने एक मंत्री की साजिश का आरोप लगाया। कहा कि एक आरोपी तो जेल जा चुका है और साजिश में शामिल लोग जब सलाखों के पीछे होंगे तब रिमांड पर लेने पर सारी हकीकत खुलकर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि अभी आंदोलन को एक साल भी नहीं हुआ। उनका कहना था कि सरकार समाधान नहीं बल्कि संघर्ष चाहती है । चुनाव की रणनीति को लेकर उनका कहना था कि भाजपा सरकार से जनता नाराज है।