रामपुर। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) को मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। ईवीएम की सुरक्षा का जिम्मा पैरामिलिट्री फोर्स पर है। जवान मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी में लगे हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक रातभर ईवीएम जमा कराने में लगे रहे। तड़के चार बजे दोनों अधिकारी वापस आए। उन्होंने जवानों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
सोमवार को मतदान खत्म होने के बाद देर रात तक ईवीएम जमा करने का सिलसिला जारी रहा। ऐसे में सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह तक ईवीएम जमा होती रहीं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल रातभर अपनी निगरानी में ईवीएम जमा कराते रहे। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों से भी वार्ता की। पूछा कि सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसके बाद दोनों ही अफसर ईवीएम का स्ट्रांग रूम सील होने के बाद सुबह चार बजे वापस आ गए। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति ईवीएम के कमरों के बाहर नजर न आए। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।