स्वार (रामपुर)। नगर में अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल रही है। मंगलवार को रामपुर-बाजपुर स्टेट हाईवे पर दिन भर रुक-रुक कर दो घंटे तक जाम लगता रहा। इसके चलते यात्रियों और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
चुनाव के चलते यात्री वाहनों का टोटा रहा। तमाम वाहन चुनाव ड्यूटी में लगाए गए थे। लोग भी मतदान के चलते अपने गांव-कस्बे में सिमट कर रह गए थे। मंगलवार की सुबह दिनचर्या तेजी से शुरु हुई। रामपुर-बाजपुर स्टेट हाईवे सुबह से ही जाम की चपेट में रहा। दिन भर रुक-रुक कर जाम लगता रहा। लगभग दो घंटे तक वाहन रेंगते हुए गुजरते रहे। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका अथवा पुलिस प्रशासन सिर्फ प्रतीकात्मक कार्रवाई करता है।
अतिक्रमण हटाने में गंभीरता न होने से मार्ग के दोनों और रेहड़ी, ठेला-ठेली वाले और दुकानदारों का कब्जा रहता है। यही कारण है कि रोजाना जाम की समस्या आम बात हो गई है।