रामपुर। अंधाधुंध बिजली कटौती ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। कभी लोकल फाल्ट के कारण बिजली ठप रहती है तो कभी अंधाधुंध कटौती से लोग परेशान रहते हैं। बिजली व्यवस्था सुदृढ़ न होने से लोगों में रोष है।
शहर को 24 घंटे बिजली देने के निर्देश हैं। लेकिन, शहर में स्थानीय अफसरों और कर्मचारियों की मनमानी के चलते लोगों को पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। कभी आधी रात के बाद बिजली ठप हो जाती है तो कभी दिन निकलने से पहले बिजली परेशान करती है। शनिवार को भी बिजली ने परेशान कर दिया। बरेली गेट फीडर की बिजली दिन में दो बार चार घंटे ठप रही। शाहबाद गेट, रजा इंटर कालेज, किला, डूंगरपुर, पहाड़ी गेट, बिलासपुर गेट बिजलीघरों से जुड़ी बिजली भी बगैर बताए ठप हो गई। सिविल लाइंस, आंबेडकर पार्क और अजीतपुर की बिजली भी दिन पर आती जाती रही। जिससे लोग उमस भरी गर्मी से व्याकुल हो गए। लोगों का कहना है कि बिजली अफसर जानबूझकर बिजली कटौती कर रहे हैं। जिससे लोगों को शेडयूल के मुताबिक बिजली नहीं मिल पा रही है। इस बारे में अधिशासी अभियंता प्रथम भीष्म कुमार तोमर ने बताया कि शहर की बिजली दिन में ठप करने में लोहे का तार लगी पतंगें खलनायक बनीं हुई हैं। इसके अलावा लोकल फाल्ट होने पर ही आपूर्ति ठप रहती है। शासन स्तर से शहर में कोई भी बिजली कटौती नहीं की जा रही है।