रामपुर। होली के त्योहार को लेकर बिजली और पानी की आपूर्ति निर्बाध रहेगी। इसके लिए विभिन्न विभागों की ओर से इंतजाम कर लिए गए हैं। कंट्रोल रूम के नंबर तक जारी कर दिए हैं। लोग इन नंबरों पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलते ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
शुक्रवार को होली का त्योहार है। लिहाजा, नगर पालिका की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है। पथ प्रकाश, पेयजल और साफ सफाई के लिए टीमें गठित करने के साथ ही हर विभाग के अलग अलग कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। गुरुवार को भी पूरे दिन नगर पालिका के कर्मचारी इधर उधर दौड़ते रहे। कई इलाकों में चूना डाला गया, जबकि होलिका दहन वाले स्थानों पर साफ सफाई का सिलसिला जारी रहा।
अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार ने बताया कि सफाई व्यवस्था के लिए सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक सफाई नायक इफ्तेखार तैनात रहेंगे, जबकि वाहन चालक आरिफ की तैनाती रहेगी। टिपर पर तालिब व फरमान तैनात रहेंगे। दोपहर दो बजे से रात को नौ बजे तक सफाई नायक शहरोज खां व वाहन चालक अरशद की तैनाती रहेगी। टिपर पर फराज और रिंकू की तैनाती की गई है।
पेयजल व्यवस्था की निगरानी जलकल विभाग के अवर अभियंता विकास चौहान करेंगे। आसिफ और याकूब दोपहर सुबह सात बजे से रात को नौ बजे तक तैनात रहेंगे। पथ प्रकाश की निगरानी पथ प्रकाश निरीक्षक तारिक जावेद करेंगे, जबकि सुबह सात बजे से रात को नौ बजे तक शकील और सज्जाद अहमद को तैनात किया गया है।