शाहबाद (रामपुर)। कुत्तों के काटने से कई लोग गंभीर घायल हो गए हैं। एक कुत्ते ने मासूम पर जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह उसे बमुश्किल बचाया गया। मासूम की हालत को देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुत्तों के आतंक के बाद भय का माहौल है।
शाहबाद तहसील क्षेत्रभर में कुत्तों का हर तरफ आतंक है। रविवार को कस्बे के मोहल्ला फर्राशान निवासी जमालुद्दीन की बेटी इनाया (6) पर एक कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले को देखकर मोहल्ले के लोग मासूम को बचाने के लिए दौड़ पड़े। कुत्ते के हमले में मासूम इनाया के चेहरे और शरीर के अन्य स्थानों पर गहरे घाव हो गए। गंभीर हालत में परिजन आनन-फानन में शाहबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर दिया। लेकिन, चिकित्सकों के पास जख्मों को भरने के लिए बारीक धागा नहीं था। जिस कारण चिकित्सकों ने आनन-फानन में मासूम की स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यही के बाशिंदों ने बताया कि पिछले दो से तीन दिन में चार-पांच लोगों पर कुत्ता हमला कर चुका है। कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर पंचायत से मौखिक शिकायत की है। दूसरी और रविवार को ही विवेक (20) निवासी मोहल्ला फर्राशान, भरतपुर गांव निवासी गिरधारी की बेटी पुष्पा (16) को कुत्तों ने काट लिया। जबकि, बीते तीन दिनों में मनोज पांडेय, राकेश, मोहम्मद जैद, मुदस्सिर को भी काटकर घायल किया है।