केमरी थाना क्षेत्र में एक संविदा कर्मी की बिजली के करेंट से झुलसने से मौत हो गई। उसकी मौत से पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के ग्राम शादीनगर निवासी महीपाल लोधी 30 वर्ष पुत्र झुन्नी लाल केमरी बिजलीघर में संविदा पर काम करता था। मृतक की पत्नी कमला देवी ने बताया कि रविवार की रात 12 बजे ग्राम मुबारकपुर से किसी का फोन आया कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। सूचना पर युवक रात में ही मौके पर पहुंच गया।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर का फाल्ट सही करते समय अचानक लाइन में करेंट आ गया, जिसके कारण युवक गंभीर रुप से झुलस गया। परिजनों ने रात में ही दो जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद रैफर कर दिया। रात में मुरादाबाद से उसे बरेली के एक अस्पताल भेज दिया। जहां सोमवार की दोपहर उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया।
बरेली पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। मृतक तीन भाई बहनों में बीच का है। लोगों का कहना है कि मृतक का पिता केमरी थाने का चौकीदार भी है। जबकि, एसडीओ बिजली भुवनराज सिंह ने जानकारी से इंकार किया है।