रामपुर। सिविल लाइंस थाना स्थित आदर्श रामलीला मैदान में सोमवार सुबह एक किशोर का शव पड़ा होने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया तो किशोर की शिनाख्त पीपल टोला निवासी खुशहाल रस्तोगी के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। परिजनों के अनुसार किशोर मानसिक रूप से कमजोर था।
सोमवार सुबह सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना मिली कि आदर्श रामलीला मैदान में एक शव पड़ा है। सूचना पर थाना प्रभारी लव सिरोही अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किशोर के शव कब्जे में ले लिया और शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के लोगों को बुलाया। लेकिन, शव की शिनाख्त नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने किशोर की जेब में मिले फोन नंबर पर संपर्क किया तो परिजनों से बात हुई। इस दौरान उसकी शिनाख्त पीपल टोला निवासी खुशहाल रस्तोगी (15) के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोर कल शाम से रामनवमी का जुलूस देखने घर से निकला था। इसके बाद वह रात तक घर नहीं पहुंचा, उसे आसपास काफी तलाश किया था लेकिन, उसका कुछ नहीं पता चल सका था। सोमवार सुबह पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को घर ले गए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि एक किशोर के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। किशोर की जेब में मिले फोन नंबर से परिजनों से संपर्क हुआ था। किशोर के परिजनों ने किशोर को मानसिक रूप से कमजोर बताया है।