शाहबाद। उपचार के दौरान दिल्ली के निजी अस्पताल में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। विभागीय अफसर मृतक जवान का शव गांव लेकर आए। परिवार में शव के पहुंचने के बाद चीख-पुकार मच गई। बाद में अफसरों ने जवान को श्रद्धांजलि और सलामी दी।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव निवासी सुभाष बाबू (38) सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। अलीगढ़ में रहकर ड्यूटी कर रहे थे। वह दस दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका उपचार पहले अलीगढ़ में कराया गया था। स्वास्थ्य में कोई फर्क नहीं होने पर उन्हें दिल्ली में भर्ती कराया गया।
उपचार के दौरान रविवार को जवान की मौत हो गई। सीआरपीएफ स्टाफ ने सूचना परिवार वालों को दी और विभाग के तमाम आला अफसर शव लेकर कोतवाली पहुंचे। इसके बाद आला अफसर कोतवाली पुलिस के साथ शव लेकर गांव पैगंबरपुर पहुंचे। शव के पहुंचने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सोमवार शाम को शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पहले विभागीय अफसरों ने जवान को श्रद्धांजलि और सलामी दी। जवान ने अपने पीछे तीन बेटी, एक बेटा और पत्नी को छोड़ा है।