मढोली गांव में युवक की नृशंस हत्या
पटवाई थाना क्षेत्र के मढोली गांव में शुक्रवार रात खेत पर गए युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। युवक की अभी दो दिन पहले ही शादी हुई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। पटवाई थाना क्षेत्र के मढोली गांव निवासी तेजपाल (25) की शादी 10 मार्च को हुई थी। घर में पूजा की तैयारी चल रही थी। वो शुक्रवार रात खेत की ओर गया था।
पहले से घात लगाकर बैठे पांच लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर छोटा भाई संजय भी मौके की भागा, लेकिन इससे पहले आरोपी तेजपाल को धारदार हथियार से काटकर फरार हो गए। आरोपियों ने तेजपाल की गर्दन पर जोर से वार किया था, जिससे उसकी गर्दन कट गई थी। तेजपाल की मौके पर ही मौत हो गई। संजय के शोर मचाने पर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। हत्या की खबर से गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। संजय की तहरीर पर पटवाई थाने में गांव के ही राजेंद्र, उसके बेटे अजयपाल, विजय पाल, भाई किरनपाल और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। बेटे की मौत की खबर सुनकर तेजपाल के बीमार पिता की हालत बिगड़ गई है। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।