फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी दावत रोकने पहुंची पुलिस पर पथराव

Fri, 04 Dec 2015 11:13 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला टांडा
विज्ञापन
विज्ञापन
चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद चल रही चुनावी दावत को रोकने पहुंची पुलिस की ग्रामीणों से झड़प हो गई। पुलिस ने दावत में शामिल लोगों को दौड़ाकर पीटना शुरू किया। इस पर दावत में शामिल लोगों ने पुलिस को निशाना बना लिया। पुलिस पर पथराव कर दिया और जिप्सी भी तोड़ दी। घटना में एक सिपाही को ज्यादा चोटें आई हैं।
विज्ञापन



बाद में मौके पर पहुंची फोर्स ने किसी तरह स्थिति को शांत किया। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ बलवा और मारपीट करने समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। चुनावी दावत में बवाल का मामला सैदनगर विकास खंड क्षेत्र के अहमदाबाद गांव का है। सैदनगर क्षेत्र में शनिवार को वोटिंग होनी है।


चुनाव प्रचार गुरुवार को थम गया था। गुरुवार शाम को अहमदाबाद गांव में प्रधान पद के एक प्रत्याशी ने पंडाल लगाकर दावत कर रखी थी, जिसमें कई लोग शामिल थे। सैदनगर चौकी प्रभारी वीरेंद्र पाल सिंह चार सिपाहियों के साथ जिप्सी से गांव पहुंचे।
विज्ञापन



ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने आते ही नाश्ता कर रहे लोगों पर लाठी चलानी शुरू कर दी, जिससे भगदड़ मच गईं। मारपीट में महेश सैनी, अमर सिंह सैनी समेत कई ग्रामीणों को चोटें आई हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस के लाठीचार्ज करने से गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस की जिप्सी क्षतिग्रस्त हो गई।


सिपाही चरन सिंह जख्मी हो गए। कई अन्य पुलिस वालों को भी चोट लगी। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल लेकर पहुंचे। पुलिस ने कुर्सी, टेंट के बांस और बर्तनों को कब्जे में कर लिया। प्रत्याशी के रिश्तेदार अहमद जान पुत्र मोहम्मद जान और तालिब हुसैन पुत्र अली हुसैन को हिरासत में ले लिया।


चौकी प्रभारी की ओर से 15 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला, आचार संहिता का उल्लंघन सहित नौ धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद तारिक ने बताया कि अहमदाबाद गांव में पुलिस पर हमला किया गया था। यहां पर आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें