मानपुर के कमियापुर गांव के पास पुलिया के नीचे ट्रॉली बैग में दो युवतियों के कटे सिर मिलने की घटना में एक और कड़ी जुड़ गई है। अब लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में डेंटल कॉलेज के निकट उसी तरह के बैग में दो युवतियों के धड़ व चार पैर बरामद हुए हैं।
संभावना जताई जा रही है कि धड़ व पैर उन्हीं युवतियों के हैं, जिनके सिर सीतापुर के मानपुर इलाके में मिले थे। हालांकि मेडिकल परीक्षण में सिर, धड़ व पैर मिलान की पुष्टि होना अभी बाकी है।
खबर लगते ही मानपुर पुलिस भी लखनऊ रवाना हो गई। हालांकि अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। सीतापुर-बिसवां मार्ग से कमियापुर गांव जाने वाले मार्ग पर गुरुवार शाम पुलिया के नीचे एक कत्थई रंग के ट्रॉली बैग में दो युवतियों के कटे सिर मिले थे।
पुलिस इस वारदात की गुत्थी सुलझाने में लगी ही थी कि इसी बीच खबर मिली कि लखनऊ में एक डेंटल कॉलेज के निकट एक पॉलीथिन, बोरे व बैग में रखे दो महिलाओं के धड़ व चार पैर मिले हैं।
खबर लगते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां पहुंच कर दोनों सिर के फोटो से धड़ व पैरों का मिलान किया, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि ये पैर व धड़ उन्हीं युवतियों के हैं, जिनके सिर मानपुर इलाके में मिले हैं। हालांकि अभी मेडिकल परीक्षण नहीं हुआ है।
एएसपी दक्षिणी जगदीप सिंह का कहना है कि लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में दो महिलाओं के धड़ व पैर मिले हैं। उनका कहना है कि शरीर के ये हिस्से पहले पॉलीथिन में रखे गए, फिर बोरे में और बाद में बोरे को उसी तरह के बैग में रख दिया गया, जैसा बैग मानपुर इलाके में मिला था।
इससे प्रतीत होता है कि सिर, धड़ व पैर युवतियों के ही हैं। मामले में एसओ मड़ियांव का कहना है कि लोग क्षेत्र में डेंटल कॉलेज के पास मार्निंग वॉक पर निकले थे। इस बीच ट्रॉली बैग खुला था। उसमें बोरा रखा था।
बोरे से एक टांग बाहर निकली थी। जिसके पास कुत्ते पहुंच गए। यह देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ मानपुर एचए जैदी का कहना है कि उन्होंने मड़ियांव जाकर जांच की है। यहां मिले धड़ व पैर उन्हीं युवतियों के लग रहे हैं, जिनके सिर मानपुर क्षेत्र में मिले थे।
हालांकि मेडिकल परीक्षण के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं पुलिस ने घटना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही दोनों सिर सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। एसओ एचए जैदी ने बताया कि सिर की बरामदगी के बाद मामले में जांच पड़ताल कर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।