सांगला/भावानगर (किन्नौर)।
भावानगर के तहत सोलडिंग के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग- 5 पर वीरवार देर रात एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस थाना भावानगर से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार देर रात पिकअप ठियोग से किन्नौर की तरफ आ रही थी। इस दौरान पिकअप एचपी 09-5109 सोलडिंग के पास अचानक सड़क से करीब 200 फीट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के दौरान पिकअप में दो युवक सवार थे। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए भावानगर अस्पताल लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रामपुर रेफर किया गया। हादसे में दीपक (19) निवासी गांव तुंगला, डाकघर बराडा, तहसील ठियोग की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक कुशल कुमार (25) निवासी गांव दसरोन, डाकघर जैस, तहसील ठियोग ने रामपुर अस्पताल में दम तोड़ा। उधर, एसपी रोहित मालपानी ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।