रामपुर। जिला सहकारी बैंक में एक के बाद एक घपलेबाजी सामने आने के बाद एआर को-ऑपरेटिव ने जिले की सभी शाखाओं में जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल, यह जांच संबंधित बैंक के शाखा प्रबंधक की देखरेख में होगी। इसके बाद शाखा प्रबंधक किसी तरह का घपला मिलने पर उसकी जानकारी देंगे और यदि कोई घपला नहीं होगा, तो प्रमाण पत्र देंगे। फिर एआर को-ऑपरेटिव अपने विभाग के कर्मचारियों से जांच कराएंगे। यदि कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई होगी। वहीं, एआर को-ऑपरेटिव के इस फैसले से बैंक कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।
रामपुर जिला सहकारी बैंक की मुख्य शाखा समेत 29 शाखाएं हैं। इनमें किसी शाखा में मृतकों के खाते में से कर्मचारियों ने पेंशन की धनराशि निकाल ली, तो किसी को गलत तरीके से ऋण बांट दिए। इस तरह के मामलों में अब तक बैंक के 13 कर्मचारी निलंबित हो चुके हैं, जबकि राजद्वारा एवं शाहबाद शाखा समेत कई शाखाओं के कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। वहीं, बैंक सूत्रों की मानें तो जिले में बैंक की ऐसी कोई शाखा नहीं है, जहां घपलेबाजी न हो। इसी आशंका को देखते हुए एआर को-ऑपरेटिव हरेंद्र कुमार ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने बैंक की सभी 29 शाखाओं में जांच करने के लिए कहा है। फिलहाल, यह जांच बैंक की संबंधित शाखा के शाखा प्रबंधक की देखरेख में ही होगी। ऐसे में यदि कहीं कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो शाखा प्रबंधक इसकी जानकारी एआर को-ऑपरेटिव को देंगे, जिसके बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा यदि कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिलती है, तो संबंधित शाखा के शाखा प्रबंधक को एआर को-ऑपरेटिव को यह प्रमाण पत्र देना होगा कि उनकी शाखा में सबकुछ ठीक है। इसके बाद एआर को-ऑपरेटिव अपने अधिकारियों से जांच कराएंगे। यदि इस जांच में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिलती है, तो ठीक है, लेकिन कहीं गड़बड़ी मिलती है, तो प्रमाण पत्र देने वाले शाखा प्रबंधक समेत तमाम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एआर के इस आदेश के बाद बैंक कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।