रामपुर। स्वार क्षेत्र की एक साधन सहकारी समिति के सचिव के खिलाफ बेटे और दो करीबियों को अवैध तरीके से नौकरी पर रखने की शिकायत की गई। शिकायत मिलने के बाद सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने जांच कराई, जिसमें शिकायत सही पाई। इसके बाद उन्होंने समिति सचिव को निलंबित करते हुए नौकरी पर रखे गए तीनों युवकों की सेवा समाप्त कर दी। साथ ही समिति को हुई आर्थिक क्षति के 1,67,480 रुपये की वसूली भी की गई।
मामला साधन सहकारी समिति टाहकलां का है। यहां समिति सचिव के पद पर बाबू सिंह तैनात हैं। पिछले दिनों समिति के सभापति हरप्रसाद ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक से शिकायत की थी कि समिति सचिव ने अवैध तरीके से समिति में अपने पुत्र व दो करीबियों की नियुक्ति कर दी है। इसके बाद सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने जांच के आदेश दे दिए। जांच में सामने आया कि समिति सचिव ने अपने पुत्र समेत दो करीबियों को दैनिक मानदेय के आधार पर नियुक्त किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक हरेंद्र सिंह ने बताया कि समिति सचिव बाबू सिंह को निलंबित कर दिया है, जबकि नौकरी पर अवैध तरीके से रखे गए उनके पुत्र विशाल सिंह राणा सहित उनके करीबी जितेंद्र और अमित कुमार की सेवा समाप्त कर दी है। उन्होंने बताया कि इस वजह से समिति को 1,67,480 रुपये की आर्थिक क्षति हुई थी, जिसकी वसूली भी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आगे भी सहकारी समितियों की कड़े तरीके से निगरानी की जाएगी। जहां भी गलत काम होगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।