रामपुर। जिलेभर में तीन सौ बसों से लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके लिए विधानस भावार बसें लगाई गई हैं। वहीं, प्रशासनिक अफसर भी पूरे दिन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे, जहां उन्होंने मैदान की सफाई कराने के साथ ही अन्य इंतजाम किए।
रामपुर में एक जनवरी को भाजपा की जनविश्वास यात्रा रामपुर आ रही है। सैफनी से जिले की सीमा में प्रवेश करने वाली यह यात्रा मिलक के रठौंडा में संपन्न होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। लिहाजा, प्रशासनिक स्तर पर यात्रा को लेकर जोरशोर से तैयारियां की जा रही हैं। गुरुवार को भी पूरे दिन जिला पंचायत, पंचायत राज, लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे। जनसभा स्थल की सफाई कराने के साथ ही मंच बनना शुरु हो गया है। सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके अलावा भाजपा की ओर से भी पुख्ता रणनीति तैयार की गई है, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सफल हो सके। इसके लिए विधानसभावार तीन सौ बसें लगाई गई हैं, जिसके जरिए लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाया जाएगा। इन्हीं बसों के माध्यम से लोगों को वापस भेजा जाएगा।