रामपुर। रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र रामपुर से बिलासपुर के लिए बाइक रैली का आयोजन किया गया। बाइक रैली में शामिल जवानों ने लोगों को देश हित में अखंडता और एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
कमांडेट एओएल नीलम सरंगल ने कहा कि एकता के सूत्र में बांधने के लिए सरदार बल्लभ भाई पटेल की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने देश को एकीकृत करने में अहम प्रयास किए थे। इसलिए हम सब उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। देश की जनता पटेल को लौह पुरुष के रूप में जानती है। रैली के माध्यम से सीआरपीएफ के जवानों ने लोगों से कहा कि शक्ति के अभाव में विश्वास व्यर्थ है। ऐसे में विश्वास और शक्ति दोनों किसी महान काम को करने के लिए आवश्यक है। हमनें एक राष्ट्र, श्रेष्ठ राष्ट्र का जो सपना देखा है, उस सपने की आधारशिला सरदार बल्लभ भाई पटेल ने रखी थी। उप कमांडेट कैलास चौधरी, सूबेदार मेजर शीशराम यादव, उप निरीक्षक मोहम्मद सैफ खान समेत अन्य उपस्थित रहे।