शाहबाद। शाहबाद-सिरौली रोड पर रविवार रात को कोहरे में दो बाइकें आमने सामने से टकरा गईं। इसमें महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का सीएचसी पर प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें तीन को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
नगर के मोहल्ला बैदान निवासी हनीफ अपनी मां जमीलन के साथ बाइक पर सवार होकर जनपद बरेली के कस्बा सिरौली से वापस घर को लौट रहे थे। शाहबाद की ओर से नगर के मोहल्ला खटपुर निवासी समीर और गुलवेज एक ढाबे पर जा रहे थे। कोहरे में रतन फार्म के निकट इनकी बाइकें आपस में भिड़ गईं। जिसमें ये चारों लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पर लाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। इनमें महिला को छोड़कर बाकी तीनों की हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। सूचना के बाद परिवार के लोग भी सीएचसी पहुंच गए थे।