बकरीद के त्योहार पर रामपुर में लोगों से ईद मिलने के बाद सपा नेता आजम खां संभल जाकर अपने मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू से मिले और ईद की मुबारकबाद दी। फसाहत अली खां शानू को 12 मई को छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया गया था।
आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू के खिलाफ साल 2019 में मुकदमें दर्ज किए गए थे। जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था, इस दौरान उनके पिता का भी देहांत हो गया था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद जब शानू बाहर आए तो लोकसभा उपचुनाव से पहले 12 मई को प्रशासन ने उन्हें जिला बदर कर दिया था। जिला बदर किए जाने के बाद से वो संभल में रह रहे हैं। बकरीद पर अपने घर पर न होने और आजम खां से ईद न मिल पाने को लेकर फसाहत अली खां शानू ने एक वीडियो के माध्यम अपनी पीड़ा बयां की थी।