रामपुर। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शासन ने दो कंपनियों को जिम्मेदारी दी है। हालांकि, अभी तक पीएचसी और सीएचसी पर आयुष्मान मित्र रखे गए थे, फिर भी कार्ड बनाने की रफ्तार तेज नहीं हो पा रही थी। जिसके बाद शासन की ओर से दो कंपनियों को चयनित किया गया है, जो गांव-गांव केंद्र बनाकर आयुष्मान कार्ड बनाएंगी।
शासन स्तर से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना चलाई जा रही है। इसके तहत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को नि:शुल्क पांच लाख तक प्रतिवर्ष इलाज की व्यवस्था है। इसके साथ ही यह योजना के पात्र परिवार शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ ले सकते हैं। पूर्व में इस योजना का लाभ बीपीएल राशन कार्डधारकों को दिया जा रहा था। बाद में अंत्योदय राशन कार्ड और श्रम कार्ड धारकों को भी योजना में शामिल किया गया। इसके बाद योजना में आशा कार्यकर्ता और आशा संगनियों को भी जोड़ने का निर्णय लिया, लेकिन जिले में शासन की मंशा के अनुरूप आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। जिस कारण शासन ने दो कंपनियों को कार्ड बनाने के लिए चयनित किया है। इन कंपनियों द्वारा गांव-गांव केंद्र बनाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।