रामपुर। अधिशासी अधिकारियों की बैठक से शाहबाद नगर पंचायत के प्रभारी अधिशासी अधिकारी के गैरहाजिर रहने पर डीएम ने निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्होंने सामुदायिक शौचालयों की स्थिति के बारे में सत्यापन के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि सामुदायिक शौचालय की भौतिक स्थिति का निरीक्षण करें। उनकी साफ सफाई के लिए कर्मचारी तैनात करें। निरीक्षण के दौरान यदि गंदगी एवं अव्यवस्था मिलती है तो अधिशासी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रामपुर द्वारा बैठक में जरूरी अभिलेख न लाने के कारण जिलाधिकारी ने चाइल्ड केयर एंड प्रोटक्शन फंड में दो हजार रुपये जमा कराने के निर्देश दिए। नगर पालिका क्षेत्रों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा सेनेटरी इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। नगरीय क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नाइट पेट्रोलिंग के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही बताया कि रात्रिकालीन औचक निरीक्षण के दौरान रामपुर नगर पालिका सहित अन्य निकाय क्षेत्रों में प्रकाश की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली है। इसको लेकर अधिशासी अधिकारी को नाइट पेट्रोलिंग के लिए तैनात किए गए कर्मचारियों की सक्रियता बढ़ाने और सभी लाइटें संचालित करने के आदेश दिए। नगर पालिका स्वार द्वारा सफाई कर्मियों को नियमित रूप से भुगतान न करने पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही 14वें वित्त के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति एवं 15 वित्त के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया की प्रगति के बारे में समीक्षा की। नगर पंचायत शाहबाद में कार्यभार देख रहे नावेद मियां, लिपिक बैठक में नहीं आए। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निलंबित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।