रामपुर। शाहबाद पुलिस के हत्थे लुटेरों का गैंग चढ़ा है, जाकि खाकी वर्दी पहनकर वारदातों का अंजाम देता था। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर शाहबाद में पशु व्यापारी को गोली मारकर लूटने के साथ टांडा क्षेत्र में डकैती की घटना का खुलासा किया है। इस गैंग के 12 सदस्य फरार हैं। पुलिस ने कई और घटनाओं का खुलासा किया है।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में लूटपाट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को शाहबाद पुलिस और एसओजी की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी बदमाशों को एएसपी के सामने पेश किया गया। एएसपी साधना गोस्वामी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के बरा सिरसा गांव निवासी उमेश सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह, सत्येंद्र सिंह भंडारी, बदायूं के इस्लाम नगर थाना क्षेत्र के रु दायन निवासी अवनेश उर्फ टिंकू शामिल हैं। उमेश पर बरेली के विभिन्न थानों में लूटपाट, डकैती व जानलेवा हमला करने समेत पांच मामले हैं। अवनेश के खिलाफ बदायूं के इस्लाम नगर थाने में पांच मुकदमे पंजीकृत है। अवनेश जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा था। एएसपी के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों ने शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के ढकिया चौकी क्षेत्र में पशु व्यापारी के संग लूटपाट कर गोली मारने की घटना कबूली है। पशु व्यापारी 22 नवंबर को लूटा गया था। इसके अलावा टांडा थाना क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। यह घटना 18 दिसंबर को हुई थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पुलिस की वरदी भी पकड़ी है। पुलिस ने उमेश व सत्येंद्र के कब्जे दस हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा बरामद किया है। इसके साथ ही टांडा से लूटे जेवरात भी मिले है।
पुलिस कहकर खुलवाते थे दरवाजा
रामपुर। लूटपाट का यह गिरोह पुलिस की वरदी पहनकर घटना को अंजाम देते थे। एएसपी के मुताबिक बदमाश रात के वक्त पुलिस की वरदी में किसी भी घर को निशाना बनाते थे। वह पुलिस कहकर दरवाजा खुलवाते थे और फिर घटना को अंजाम देते थे। गैंग के सदस्यों से पुलिस की वरदी भी बरामद की गई है।
गैंग के यह सदस्य हैं फरार
-----------------
एएसपी के मुताबिक गैंग के 12 सदस्यों में बरेली के जीतू पंडित, भूरा, मुन्नालाल, सुमित पटेल, शिव कुमार, बुलाकी, रामवीर, अमर सिंह, अमित पंडित के अलावा अलीगढ़ का अप्पू, रिंकू और रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के धनुपुरा गांव निवासी उमेश अभी फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है।
दो मंडल में मचा रखा था आतंक
रामपुर। इस गैंग ने बरेली व मुरादाबाद मंडल के जिलों में लूटपाट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देकर आतंक मचा रखा है। गैंग ने बरेली के भुता थाना क्षेत्र में एक माह पहले सर्राफ से बाइक व तीस हजार रुपये लूटने, चार माह पहले आंवला में व्यापारी से 29 हजार लूटे। तीन माह पहले फरीदपुर में सर्राफा व्यापारी से लूटपाट। पांच माह पहले बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में कटरा चांद खां में सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर तीस हजार रुपये व चार किलो चांदी लूटी थी। एक माह पहले बिथरी चैनपरु में सर्राफा व्यापारी से बीस हजार रुपये व मोटर साइकिल लूटी थी। एएसपी के मुताबिक इसके अलावा इस गैंग ने शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, संभल व रामपुर में भी घटनाओं को अंजाम दिया।