दढ़ियाल (रामपुर)। यूपी - उत्तराखंड सीमा पर स्थित बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सोमवार की रात एक बाइक सवार से 1,56800 रुपये की रकम बरामद की है। बाइक सवार द्वारा रकम से संबंधित स्पष्ट जानकारी नहीं देने पर पुलिस ने बरामद रकम को ट्रेजरी में जमा करा दिया है।
सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे टांडा कोतवाल गौरव सिंह पुलिस बल के साथ उत्तराखंड सीमा पर काशीपुर मार्ग स्थित चौखंडी गांव के पास अकाल अकादमी पर बने बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उत्तराखंड के काशीपुर दिशा से आ रही बाइक सवार युवक की चेकिंग की, तो उसके पास बैग से 1,56800 रुपये की रकम बरामद की गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम इमरान पुत्र नन्हे, निवासी खेमपुर थाना अजीमनगर बताया। युवक ने रकम से संबंधित स्पष्ट जानकारी अथवा अभिलेख नहीं दिखा सका, जिसके बाद पुलिस ने बरामद रकम को कब्जे में ले लिया। टांडा कोतवाल गौरव सिंह ने बताया कि बरामद रकम को जिला कोषागार में जमा करा दिया गया है। युवक को रकम से संबंधित अभिलेख जमा करने को एक सप्ताह का समय दिया गया है।