80 किलो नकली मावा पकड़ा
रामपुर। मिल्क पाउडर और डालडा घी से तैयार किया गए मावे की खेप को पुलिस की मद्द से एफएसडीए ने पकड़ लिया। टीम ने उसका पूरा माल मौके पर ही नष्ट करा दिया। बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस व एफएसडीए को सूचना मिली थी कि शहर में नकली मावे की सप्लाई की जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस व एफएसडीए की टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के नवाब गेट के पास एक बाइक सवार युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके कब्जे से 80 किलो मावा बरामद किया। एफएसडीए की टीम ने बरामद किए गए माल का सैंपल भरा साथ ही प्राथमिक जांच में पाया कि उक्त मावा मिल्क पाउडर व वनस्पति घी से तैयार किया गया है। टीम ने तुंरत ही 80 किलोग्राम मावे को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही आरोपी मुरादाबाद के मूढापांडे ताना क्षेत्र के गणेश घाट निवासी नंदू सैनी को पुलिस के हवाले कर दिया। एफएसडीए की टीम ने उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया है। इस बीच पुलिस भी उससे पूछताछ कर रही है। मुख्य खाद्य निरीक्षक महेश चंद्र त्रिपाठी केमुताबिक 80 किलोग्राम मावे को नष्ट कर दिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है। आरोपी युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।