रामपुर। जिले को टीबी रोग मुक्त बनाने के लिए क्षय रोग दिवस पर 1006 क्षय रोगियों को गोद लिया गया। इसमें सामाजिक, प्रशासनिक और शैक्षिक संस्थाओं से जुड़े लोग टीबी मरीजों को गोद लेकर उनकी सेहत सुधारने का काम करेंगे।
क्षय रोगियों को बीमारी से छुटकारा दिलाते हुए उनकी सेहत सुधारने के लिए प्रदेश स्तर पर अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत गुरुवार को विकास भवन सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें जिले में क्षय रोगियों को गोद लेने का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों से टीबी रोगियों को गोद लेने और उनकी सेहत के लिए पोषक आहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। इस अभियान के तहत 1006 क्षय रोगियों को गोद लिया गया जिसमें प्रशासनिक अधिकारी के साथ स्वास्थ्य संस्थाएं शामिल रही। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि 2025 तक टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा इस लक्ष्य को समय के अंदर पूरा करने के लिए लैब की स्थापना, निजी क्षेत्र की भागदारी, केस पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है। क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत क्षय रोगियों को नि:शुल्क जांच डीबीटी के माध्यम से पोषण के लिए पांच सौ रुपये प्रति माह प्रदान किए जा रहे हैं। इस दौरान गोद लिए गए क्षय रोगियों को पोषण किट प्रदान की गई। इस मौके पर कामरान, अखलाक, धर्मेंद्र कुमार, चंद्रशेखर, चंद्रसेन आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीओ गजल भारद्वाज रहीं।