लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर रोड स्थित सेमरपहा गांव के निकट शनिवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरेनी के रालपुर मल्लाही गांव निवासी जमुना प्रसाद (35) बाइक पर सवार होकर डलमऊ से अपने गांव रालपुर जा रहा था। तभी सेमरपहा गांव के निकट एक अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।