रायबरेली। देर से ही सही, लेकिन उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (यूपी सिडको) ने सवा साल बाद आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूलों में हॉस्टल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
हालांकि निर्माण इकाई को 12 आवासीय स्कूलों में हॉस्टल और दो स्कूलों में हॉस्टल के साथ अकादमिक भवनों का निर्माण करवाना है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही 14.16 करोड़ की लागत के हॉस्टलों के निर्माण शुरू हो जाएगा।
जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूलों महराजगंज, सतांव, घोरवारा, थुलवासा, जगतपुर, राही, गौरा, खीरों, डीह, रोहनियां, छतोह व सलोन में छात्राओं के लिए प्रति 1.77 करोड़ की लागत से हॉस्टल बनवाने का काम यूपी सिडको को दिया गया है।
इसके अलावा शिवगढ़ और बछरावां के कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों के लिए भी तीन-तीन करोड़ रुपये आवंटित किए गए। कार्यदायी विभाग यूपी सिडको को मार्च 2020 में कुल लागत का 40 प्रतिशत करीब 13 करोड़ रुपये अग्रिम देकर काम शुरू करवाने के आदेश दिए गए थे।
एजेंसी ने सवा साल में चार बार टेंडर प्रक्रिया की, लेकिन तीन बार इसे निरस्त कर दिया गया। बताते हैं निर्माण इकाई को पुरानी दर पर काम देने के कारण काम शुरू नहीं कराया गया। दो महीने पहले शासन से दिशा-निर्देश मिलने के बाद चौथी टेंडर प्रक्रिया अब पूरी हो गई है।
इसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल अमावां, महराजगंज, डलमऊ, गौरा, जगतपुर, खीरों और सलोन में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही हॉस्टलों के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों के आठ हॉस्टलों का काम शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही ठेकेदार को प्रक्रिया पूरी कराकर काम शुरू कराने के आदेश दिए गए हैं। शेष कार्यों की टेंडर प्रक्रिया भी जल्द ही पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
- वीएन पांडेय, अधिशासी अभियंता, यूपी सिडको