राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह घर के अंदर महिला का शव रस्सी से लटकता मिला। सीओ सदर महिपाल पाठक व थानेदार यशवंत कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत की सही वजह सामने आने की बात कह रही है।
भदोखर थाना क्षेत्र के कोला हैबतपुर गांव निवासी रीता देवी (25) पुत्री श्यामलाल की शादी छह साल पहले गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के खाले का पुरवा मजरे बथुवाखास निवासी शिवकुमार के साथ हुई थी। दंपती में आए दिन झगड़ा हुुआ करता था। जिससे रीता अपने माता-पिता के घर रहने लगी। बताते हैं कि कभी-कभी रीता के पति का आना-जाना रहता था।
रीता की छोटी बहन शर्मा देवी की शादी भी उसी परिवार में की गई थी। सोमवार की सुबह परिवारीजन खेतों में काम करने चले गए। इसी दौरान रीता ने कोठरी के अंदर रस्सी के सहारे लटककर जान दे दी। सीओ सदर का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह सामने आएगी। घटना की पड़ताल कराई जा रही है।