ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पूरे जीवन बख्श मजरे खरौली गांव में पंखे का तार लगा रही महिला करंट की चपेट में आकर झुलस गई। घरवाले उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पूरे जीवन बख्श मजरे खरौली गांव निवासी शिवकुमार सब्जी दुकानदार है। शनिवार दोपहर बाद उसकी पत्नी रंजना (33) दरवाजे के पास लगे बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगा रही थी। इस दौरान उसका हाथ बिजली के कटे तार पर पड़ गया जिससे वह करंट की चपेट में आकर झुलस गई।
जानकारी होने पर परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि करंट से महिला की मौत की सूचना मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।