सरेनी (रायबरेली)। ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को जल जीवन मिशन के तहत महिलाओं को जल गुणवत्ता जांच का प्रशिक्षण दिया गया। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अनिल सिंह, एडीओ पंचायत केके वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण शिविर में प्रत्येक राजस्व गांव की पांच महिलाओं ने भाग लिया। ट्रेनर एचपी सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक महिला गांव में जाकर इंडिया मार्का हैंडपंप, सबमर्सिबल पंपों के पानी की गुणवत्ता परखेंगी।
यदि पानी अधिक प्रदूषित है तो सैंपल कलेक्शन कर ब्लॉक मुख्यालय भेजेगी। यहां से पानी की जांच के लिए सैंपल जिला मुख्यालय भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य पेयजल स्वच्छता मिशन प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन 55 लीटर शुद्ध पानी मुहैया कराएगा। कार्यक्रम में लक्ष्मी देवी, कलावती, श्रीदेवी, गीता देवी, पिंकी, शकुंतला समेत 80 महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर बसंत सिंह, सुनील कुमार, सुशील सिंह, गोवर्धन पाल, गोवर्धन मौर्य मौजूद रहे।