रायबरेली। जिले में चौथे चरण के लिए 23 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। पांच विधानसभा सीटों पर सोमवार को नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित होंगे।
राजनीतिक पार्टियों के अलावा निर्दलीयों को चुनाव चिह्न आयोग से तय किए गए हैं। चुनाव चिह्न आवंटन के बाद क्षेत्रों में चुनावी लहर तेज होने की उम्मीद है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में 15-15 या इससे कम उम्मीदवार होने के कारण एक-एक ईवीएम से मतदान कराया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रों सरेनी, सदर, हरचंदपुर, ऊंचाहार और बछरावां में 27 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। तीन फरवरी तक नामांकनपत्र जमा होने के बाद चार फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच की गई थी। जांच में 16 दावेदारों के पर्चे खारिज कर दिए गए थे। सात फरवरी को नाम वापसी का आखिरी दिन है।
दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिह्नों का वितरण किया जाएगा। प्रत्याशियों को कलेक्ट्रेट स्थित उनकी विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन कक्षों से चुनाव चिह्न दिए जाएंगे।
राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशियों को पार्टियों के चिह्न ही अलॉट किए जाएंगे, जबकि निर्दलीयों को आयोग से तय किए गए चुनाव चिह्न दिए जाएंगे।
सलोन के नामांकन आज और कम जमा होंगे
पांचवें चरण में 27 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सलोन विधानसभा क्षेत्र के नामांकन जमा करने का काम आठ फरवरी को पूरा हो जाएगा। एक फरवरी से इस सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अब तक भाजपा, बसपा, आप समेत तीन उम्मीदवारों ने ही पर्चा भरा है। दो दिन में शेष सभी उम्मीदवारों को पर्चा जमा करना होगा।