गणतंत्र दिवस के मौके पर लालगंज ब्लॉक क्षेत्र के खजूरगांव स्थित तीनों स्कूलों में झंडा नहीं फहराया गया। शिकायत पर बीएसए ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो स्कूल बंद मिले और झंडा भी नहीं दिखा।
मामले में तीनों स्कूलों के हेडमास्टरों का वेतन रोकते हुए बीईओ से रिपोर्ट तलब की है। तीनों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी गई है। एनपीआरसी को भी नोटिस देकर जवाब मांगा है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर खजूरगांव निवासी रवींद्र कुमार मिश्रा ने फोन करके बीएसए से शिकायत की कि प्राथमिक स्कूल खजूरगांव द्वितीय में तिरंगा नहीं फहराया गया है।
शिकायत मिलने पर दोपहर 12.48 बजे बीएसए खजूरगांव पहुंचे तो प्राथमिक स्कूल खजूरगांव प्रथम व द्वितीय के साथ ही पूर्व माध्यमिक स्कूल खजूरगांव बंद मिले। यहां झंडा भी फहरा नहीं मिला।
बीएसए ने तीनों स्कूलों के हेडमास्टरों का वेतन रोकते हुए बीईओ लालगंज को जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए। इस संबंध में खजूरगांव के एनपीआरसी को भी नोटिस दिया गया है।
बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि बीईओ की रिपोर्ट आने के बाद शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। अन्य कार्रवाई भी होगी।