अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि महिला डॉक्टर समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।
फतेहपुर जनपद के हुसेनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही निवासी कल्लू दुबे अपने साथी फूलचंद्र के साथ बुधवार देर रात बाइक से घर जा रहे थे। गेंगासो के स्थित एक ढाबे के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे अनियंत्रित बाइक सड़क पार कर रहे बुजुर्ग चकचोरहिया गांव निवासी बाबूलाल (70) से जा टकराई।
इससे बुजुर्ग व बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टर ने बाबूलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. प्रियंका कछवाह जीप से साकेत नगर निवासी अमरेंद्र बहादुर सिंह के साथ रायबरेली से लालगंज आ रही थी।
जीप अमरेंद्र चला रहा था। लालगंज-रायबरेली मार्ग पर स्थित आधारशिला के पास जीप एक ट्रॉली से जा टकराई। जिससे डॉक्टर समेत दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बाकरबेग का पुरवा गांव निवासी राजू उर्फ अनिल यादव (30) पुत्र राजराम यादव के यहां बिजली नहीं आ रही थी। उसने पावर हाउस में फोन करके शट डाउन लिया। उसे फोन पर शट डाउन दे देने की बात बताई गई।
शट डाउन मिलने पर वह ट्रांसफार्मर पर बिजली सही करने के लिए चढ़ गया। लेकिन आपूर्ति चालू होने से वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया और नीचे आ गिरा। परिवारीजन ग्रामीणों की मदद से उसे आनन-फानन सीएचसी लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल की ओर से पुलिस को मेमो भेजा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंच गई थी। परिवारीजन मृतक का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। मृतक राजू के पिता फौज में डेरी विभाग में है। उनकी तैनाती पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) में है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता था।
उसकी पत्नी सुमन व दो पुत्र अर्पित व संचित है। राजू की हुई अचानक मौत से घर पर कोहराम मच गया। उधर उन्नाव-ऊंचाहार रेल खंड पर बहाई रेलवे स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 110/07 के पास गुरुवार सुबह एक वृद्धा का शव रेलवे लाइन पर पड़ा मिला।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि वृद्धा की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के सेंधियापुर निवासी मुकेश पत्नी शीला और तीन साल की एक बच्ची के साथ बाइक से घर जा रहा था।
वहीं ऊंचाहार थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर निवासी कलीम, इस्माइल और गुलाबराय का पुरवा निवासी लतीफ एक ही बाइक से बेवली गांव जा रहे थे। सलोन-ऊंचाहार मार्ग पर गिलकहियापुर गांव के पास दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने सभी को पीएचसी पहुंचाया, जहां शीला और कलीम की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके जांच की जाएगी।