जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने बेकरी की एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत दो लाख रुपये का माल पार कर दिया।
कोतवाली से कुछ दूरी पर हुई चोरी की वारदात से लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस गश्त के नाम पर सोती रहती है। यही वजह है कि बेखौफ चोर हाथ साफ करके चले गए और किसी को इसकी भनक नहीं लगी।
जगतपुर कस्बा निवासी जितेंद्र बहादुर चौधरी की कस्बे में बेकरी की दुकान है। शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया। सुबह जब वह खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला।
इसकी जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित ने बताया कि 45 हजार रुपये की नकदी के अलावा खाने-पीने का सामान चोरी हो गया था। कोतवाल हरिकेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। चोरी का खुलासा किया जाएगा।