रायबरेली। चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर शनिवार को घर-घर हवन पूजन के साथ महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। घरों पर कन्याओं को भोज कराया गया। पहले भक्तों ने कन्याओं के पैर धुले और फिर उन्हें भोज कराया।
इसके बाद दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मइया के जयकारे गूंजे। देवी मंदिरों में भी भक्तों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
जिले में शहर के राना नगर स्थित मढ़ी देवी मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित मंसा देवी मंदिर के अलावा मां संकटा देवी गेगासो, अहोरवा देवी अहोरवा भवानी, मां अंबिका देवी मुरारमऊ, मां गौरा पार्वती मंदिर सतांव, मां आनंदी देवी भीतरगांव, मां वैष्णो देवी रालपुर, काली भवानी पाहो, कालिका देवी कुम्हौरा, मां काली देवी सत्य नगर, काली देवी पखरौली आदि सिद्धपीठों में भक्तों ने पूजा अर्चना की।
इस दौरान मइया के जयकारे गूंजे। चाहे फिर शहर हो या फिर देहात क्षेत्र के मंदिर, मइया के जयकारे गूंज रहे हैं। वातावरण भक्ति मय लग रहा है।
निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे जय श्रीराम के नारे
परशदेपुर। श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारियों ने प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली। पहले हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रभु श्रीराम की आरती उतारी गई। इसके बाद श्रीराम के जयकारों के साथ शोभायात्रा निकली।
शोभायात्रा महावीरन से निकलते हुए साकेत नगर चौराहा, कटरा बाजार, जिल्ला बाजार होते हुए मेन चौराहा रमेश कौशल के दरवाजे पहुंची, जहां मौजूद रामभक्तों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल सभी राम भक्तों को जलपान कराया। इसके बाद प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा डॉ. शिवशरण वैश्य के दरवाजे पहुंची। इसके बाद पुन: उसी रास्ते होते हुए हनुमान मंदिर परिसर पहुंचकर समाप्त हुुई।
शोभायात्रा के दौरान हुए शिवतांडव को देख लोग मंत्रमुग्ध हुए। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कौशल, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष महेश विश्वकर्मा, जिला सहमंत्री आरके पाल, अवध क्षेत्र के कार्य समिति सदस्य विवेक त्रिपाठी, संजय पांडेय, मनीष मोदनवाल, कमलचंद्र वैश्य, ललित कुमार पांडेय, चंदन मोदनवाल, श्रीकांत त्रिवेदी मौजूद रहे।