रायबरेली। शहरी क्षेत्र में कोरोना काल में सबसे ज्यादा नुकसान झेल चुके ठेले वाले और रेहड़ी-पटरीवालों को सरकार ने खास सौगात दी है। अब उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अलावा दूसरी केंद्रीय व राज्य योजनाओं का भी लाभ आसानी से मिल सकेगा।
इसके लिए लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों की एक प्रोफाइल तैयार की जाएगी और डेटा के आधार पर उन्हें अलग-अलग आठ सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और कमाई का जरिया भी बढ़ेगा। जिले के शहरी क्षेत्रों के 7941 पथ विक्रेताओं को इसका लाभ मिलेगा।
लॉकडाउन के चलते स्ट्रीट वेंडर्स का कामकाज ठप हो गया था। दो जून की रोटी जुटाना भी उनके लिए मुश्किल हो गया था।
ऐसे लोगों को राहत देने एवं दोबारा अपनी आजीविका का इंतजाम करने के मकसद से सरकार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की शुरुआत की थी। इसमें उन्हें सरकार की ओर से पहले 10 हजार तक का बिना गारंटी के लोन दिया जाता था, लेकिन अब 20 हजार तक के लोन की व्यवस्था हो गई है। साथ ही लोन चुकाने के लिए रेहड़ी-पटरीवालों को अतिरिक्त समय भी देने की व्यवस्था है।
डूडा की शहरी मिशन प्रबंधक नेहा श्रीवास्तव ने बताया कि ने बताया कि जिले में 7941 स्ट्रीट वेंडर चिह्नित किए गए हैं। इसमें 5523 स्ट्रीट वेंडरों को 10 हजार और 115 पथ विक्रेताओं को 20 हजार रुपये तक कर्ज रोजगार स्थापित कराने के लिए दिया गया।
लाभार्थियों को इन योजना के साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, बीमा, जनधन, वन नेशन वन राशन कार्ड सहित आठ योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
इसके अलावा लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों की एक प्रोफाइल तैयार की जाएगी और डाटा के आधार पर उन्हें अलग-अलग आठ सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक स्तर को सुधारने के लिए डूडा की ओर से प्रयास किया जा रहा है।
स्ट्रीट वेंडरों को इस योजनाओं का मिलेगा लाभ
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना।
प्रधानमंत्री जनधन योजना।
रजिस्ट्रेशन अंडर बीओसीडब्ल्यू
प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना।
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना।
जननी सुरक्षा योजना।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना।
नगर निकायों में कहां कितनों को लाभ देने का लक्ष्य
नगर निकाय लक्ष्य
नगर पालिका रायबरेली 5732
नगर पंचायत बछरावां 250
नगर पंचायत नसीराबाद 406
नगर पंचायत सलोन 295
नगर पंचायत परशदेपुर 237
नगर पंचायत डलमऊ 200
नगर पंचायत लालगंज 466
नगर पंचायत ऊंचाहार 221
नगर पंचायत महराजगंज 134
शहरी स्ट्रीट वेंडरों को प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। योजना से आच्छादित हो चुके लाभार्थियों को आठ और योजनाओं का लाभ दिलाने के आदेश हैं। इसके लिए डूडा में काम शुरू हो गया है। जल्द ही लाभार्थियों को आठ योजनाओं से लाभान्वित कराया जाएगा।
- मुनेंद्र कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा