रायबरेली। जिले में शनिवार को कई जगह फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया। नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में युवाओं में काफी जोश दिखा। शहर के बजरंग नगर स्थित नेहरू युवा केंद्र से फिट इंडिया फ्रीडम रन शुरू हुई, जिसका शुभारंभ डॉ. संतलाल, बृजेंद्र कुमार, दिनेश वाजपेयी ने हरी झंडी दिखाकर किया। युवाओं ने फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज... के नारे भी लगाए।
फिट इंडिया फ्रीडम रन पुलिस लाइन चौराहा, शहीद चौक, नई तहसील होते हुए मुंशीगंज मार्ग से भारत माता मंदिर तक पहुंची, जहां भारत माता को पुर्ष्पापण के बाद सभी आगंतुकों को सम्मानित किया गया।
सभी युवा प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी बांटे गए। बृजेंद्र कुमार ने युवाओं से देश के लिए ऊर्जा भाव से तत्पर होने की बात कही। डॉ. संतलाल ने सभी युवाओं को अपने अपार ऊर्जा श्रोत के भंडार को सदा सकारात्मक मार्ग पर खर्च करने के गुर बताए। दिनेश वाजपेयी ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। संचालन रज्जन ने किया।
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 66 यूपी बटालियन एनसीसी के निर्देश पर राजकीय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया। इसमें जीआईसी से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम तक कैडेटों ने दौड़ लगाई।
रास्ते में फैले कचरे, पॉलीथिन, रैपर आदि को एकत्र कर डस्टबिन में डाला। लेफ्टिनेंट डॉ. महेंद्र सिंह एवं आदित्य मोहन सोनी ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। इस मौके पर सूबेदार जसबीर सिंह, हवलदार भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
महावीर सिंह स्मारक पीजी कॉलेज हरचंदपुर में फिट इंडिया कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि प्रबंधक अवधेश सिंह कई पौराणिक कथाओं के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों में जागरूकता का संचार किया।