डलमऊ (रायबरेली)। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश के चलते गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी है। मंगलवार को नदी में उफान दिखा। केंद्रीय जल आयोग डलमऊ के मुताबिक शाम सात बजे तक चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर के सापेक्ष 96.400 मीटर गंगा नदी का जलस्तर रिकॉर्ड किया गया।
डलमऊ तहसील क्षेत्र के अंबहा, बबुरा, चकमलिक भीटी, जमालनगर मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद, कल्याणपुर बैंती, चांदपुर लुक गांव कटरी क्षेत्र में पड़ते हैं। इन गांवों के पास से होकर गंगा नदी गुजरी हैं। रविवार शाम अचानक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी। पानी में बढ़ोतरी की वजह से किसानों की ओर से कटरी क्षेत्र में बोई गई सब्जियों की फसलें डूब गई।
उपजिलाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि गंगा नदी के जलस्तर में अचानक हो रही वृद्धि को देखते हुए तहसील क्षेत्र के कटरी इलाके में तैनात लेखपालों को सतर्क कर दिया गया है।
सभी से गंगा नदी के जलस्तर पर निगरानी रखने के लिए कहा गया है। गंगा नदी के खतरे का निशान बिंदु 99.360 मीटर है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।