सलोन टोल प्लाजा पर सोमवार रात करीब 8.30 बजे चेकिंग के दौरान दो लग्जरी गाड़ियों से 3.25 लाख रुपये बरामद किए गए। यही नहीं एक बिना नंबर की गाड़ी पर सवार दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। इनके कब्जे से एक रिवाल्वर और पिस्टल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक पिस्टल पाकिस्तान की बनी है। हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं लग्जरी गाड़ियों से बरामद रुपये को आयकर विभाग नेे जब्त करके जांच शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा और एसपी विनय यादव रात में रायबरेली-प्रतापगढ़ राजमार्ग पर सलोन स्थित टोला प्लाजा पर चेकिंग लगाए हुए थे। चेकिंग के दौरान एसडीएम प्रदीप वर्मा, सीओ सलोन चरनजीत सिंह, कोतवाल कुलदीप तिवारी के अलावा अन्य पुलिस-प्रशासनिक अमला मौजूद था।
वाराणसी की रहने वाली दीप्ति हंस स्कार्पियो से लखनऊ जा रही थी। चेकिंग के दौरान उनकी गाड़ी से एक लाख 25 हजार रुपये मिले। इस पर पुलिस ने रुपये जब्त कर लिए। वाहन में रुपये रखने की कोई वजह दीप्ति हंस नहीं बता पाई और न ही कोई साक्ष्य दिखा पाई। गाड़ी के कागजात थे।
इसलिए गाड़ी को जाने दिया गया। वाराणसी के रहने वाले संजीव कुमार भी लग्जरी गाड़ी से लखनऊ जा रहे थे। चेकिंग के दौरान संजीव के पास से दो लाख रुपये बरामद हुए। संजीव भी रुपये रखने का कोई साक्ष्य नहीं दिखा पाए। कागजात होने पर गाड़ी को जाने दिया गया।
इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से बिना नंबर की मर्सिडीज कार आई। पुलिस ने चेकिंग की तो उस पर दो लोग संदिग्ध दिखे। गाड़ी की तलाशी लेने पर एक रिवाल्वर व पिस्टल मिली। पुलिस के मुताबिक पिस्टल पर पाकिस्तान का स्टार है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह पिस्टल पाकिस्तान की बनी है।
रायबरेली निवासी विवेक कुमार चार पहिया गाड़ी से लालगंज अझारा जिला प्रतापगढ़ जा रहे थे। चेकिंग के दौरान उनकी गाड़ी से डबल बैरल बंदूक मिली। पुलिस विवेक से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक विनय यादव का कहना है कि चेकिंग के दौरान दो गाड़ियों से तीन लाख 25 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
ये नई करेंसी है। इस करेंसी में दो लाख की रकम दो-दो हजार की नोटों में है। बाकी 100 व अन्य नोटों हैं। दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से रिवाल्वर व पिस्टल मिली है। पिस्टल पाकिस्तान की होने की बात सामने आई है। जांच कराई जा रही है।