सिविल लाइंस चौराहे के निकट सड़क पर गिरा बिजली का खंभा।
रायबरेली। शहर में सिविल लाइंस के निकट लाइन हटाने के दौरान बिजली का खंभा सड़क पर गिर गया। इससे अफरातफरी मच गई। लोगों ने बताया कि खंभा काफी दिनों से जर्जर था। इस वजह से टूटकर सड़क पर गिरा। गनीमत रही कि जिस समय खंभा गिरा, उस समय कोई नहीं था। इस दौरान काफी देर तक बिजली गुल रही। सिविल लाइंस से परशदेपुर सड़क का चौड़ीकरण होना है। इसके दायरे में बिजली के खंभे आ रहे हैं। रविवार को खंभे हटाने का काम चल रहा था।
इसी दौरान बिजली का खंभा सड़क पर गिर गया। तार और केबल सड़क पर बिखर गए। भानु, सनी, वीरेंद्र यादव, रामसजीवन गुप्ता, महेश, दिनेश ने बताया कि खंभा जर्जर था। इस वजह से सड़क पर गिर गया। अवर अभियंता ने बताया कि लाइन हटाने के दौरान खंभा गिरा था। कोई हताहत नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।