रायबरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन इस बार ऊंचाहार में भी होगा। 13 नवंबर से 29 नवंबर के बीच चार स्थानों पर शादियों का आयोजन होगा। तारीखें तय होने के बाद अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने बताया कि 13 नवंबर को सलोन, 17 नवंबर को सदर, 25 नवंबर को ऊंचाहार और 29 नवंबर को सतांव ब्लॉक में सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। संशोधित कार्यक्रम जारी हो गया है। फर्जीवाड़े को रोकने के लिए इस बार दूल्हा-दुल्हन की बायोमेट्रिक हाजिरी होगी।
हाजिरी के बाद ही वर-वधू को शादी के मंडल में प्रवेश मिलेगा। अब तक सामूहिक विवाह में शामिल होने के लिए आए 848 आवेदनों को सत्यापन के लिए संबंधित ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों को भेजा गया है। जिले को 786 बेटियों की शादी कराने का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य से अधिक बेटियों की शादी कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस साल प्रत्येक बेटी को 25 हजार रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान दिया जाएगा। इसके अलावा खातों में 60-60 हजार रुपये भेजे जाएंगे।