रायबरेली। मनरेगा व अन्य योजनाओं से गांवों में तालाबों केे सौंदर्यीकरण और खुदाई का काम लेखपाल से पैमाइश कराए जाने के बाद ही कराने के आदेश दिए गए हैं।
सीडीओ ने मंगलवार को लालगंज क्षेत्र के बंडई गांव में बिना जमीन की पैमाइश के तालाब में हुए काम को देखने के बाद सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी किया है। उन्होंने बंडई के सचिव को भी बिना पैमाइश के काम न कराने के आदेश दिए हैं।
सीडीओ ईशा प्रिया व डीडीओ एसएन चौरसिया ने मंगलवार को लालगंज क्षेत्र के बंडई गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। सीडीओ ने तालाब में चल रहे काम को भी देखा था और सचिव से तालाब की जमीन की पैमाइश के बारे में जानकारी ली थी।
सीडीओ ने जमीन की पैमाइश कराने के बाद ही तालाब में काम कराने के आदेश दिए। इस संबंध में उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी करके तालाबों की जमीन की पैमाइश लेखपाल से कराने के बाद ही काम कराने के आदेश दिए हैं।
सीडीओ ईशा प्रिया ने बताया कि ऐसा करने से तालाब की पूरी जमीन भी मिल जाएगी और भविष्य में विवाद की समस्या भी नहीं रहेगी। जमीन की पैमाइश कराने के बाद ही मनरेगा या अन्य योजनाओं से तालाबों में काम करवाने के आदेश दिए गए हैं।