ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आंगनबाड़ी सहायिका बस के नीचे आ गई। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव निवासी पुष्पा देवी (45) आंगनबाड़ी में सहायिका थी। रविवार दोपहर वह अपने बेटे आदर्श वर्मा (19) के साथ दवा लेने ऊंचाहार जा रही थी।
जामों गैस एजेंसी के पास प्रयागराज से लखनऊ जा रही रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बेटा बाइक समेत दूर जा गिरा, जबकि महिला बस के अंदर नीचे आ गई।
बस का पहिया उसके ऊपर चढ़ने से वह कुचल गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। प्रभारी कोतवाल रामराज कुशवाहा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बस चालक की तलाश की जा रही है।