डलमऊ (रायबरेली)। वन क्षेत्र डलमऊ में अवैध तरीके से कोयले की भट्ठियां धुआं उगल रही हैं। अमर उजाला में इसकी खबर प्रकाशित होने पर वन विभाग के अफसर हरकत में आए और सोमवार को अवैध तरीके से चल रहीं भट्ठियों को तोड़वा दिया। इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा।
वन क्षेत्र के अंतर्गत डलमऊ, दीनशाह गौरा, जगतपुर और ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र के गांव आते हैं। यहां पर विभाग से 18 कोयले की भट्टियों को चलाने के लिए अनुमति ली गई है। केवल डलमऊ क्षेत्र में ही कई जगह भट्ठियां सुलग रही हैं। इनसे निकलने वाला धुआं वातावरण को दूषित कर रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अमर उजाला ने आठ नवंबर के अंक में ‘बिना रोकटोक धधक रहीं कोयले की भट्ठियां जहरीली हो रही हवा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। खबर छपने के बाद हड़कंप मच गया। वन विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर चांदपुर लूक और पखरौली गांव में अवैध तरीके से संचालित हो रहीं भट्ठियों को तोड़वा दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि चांदपुर लूक गांव में लाइसेंस से ज्यादा भट्ठियां बनवाकर अवैध तरीके से चलाई जा रही थीं। इस वजह से उसे तोड़वा दिया गया है। अन्य जगहों पर जांच कराई जा रही है। यदि कहीं मनमाने तरीके से कोयले की भट्ठियां चलती मिलीं तो कार्रवाई की जाएगी।