ऊंचाहार (रायबरेली)। ब्वॉयलर में लीकेज के चलते एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार की तीसरी यूनिट बंद हो गई है। दो यूनिट पहले से ही बंद हैं। इस वजह से परियोजना में बिजली उत्पादन पर असर पड़ा है। परियोजना के जिम्मेदार बिजली की मांग बढ़ने के बाद यूनिट से उत्पादन शुरू करने बात कह रहे हैं।
एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार में 210 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता की पांच यूनिटें हैं। दो दिन पहले 210 मेगावाट उत्पादन क्षमता की तीसरी यूनिट के ब्वॉयलर में लीकेज होने से यूनिट बंद हो गईं थी।
यूनिट बंद होने से परियोजना में बिजली उत्पादन कम हो गया। गौरतलब है कि लगभग एक माह पहले यूनिट नंबर दो मेंटीनेंस के लिए व दो सप्ताह पहले कोयले की कमी से बंद हो गई थी, जबकि अन्य यूनिटों को आधी क्षमता से चलाया जा रहा था। अभी दोनों यूनिटें शुरू नहीं हुईं है।
अब तीसरी यूनिट के बंद होने से बिजली उत्पादन पर अच्छा असर पड़ा है। यूनिट की 1550 मेगावाट क्षमता की जगह चौथी, पांचवीं व छठवीं यूनिट से महज 559 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा है।
उधर, एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार के समूह महाप्रबंधक कमलेश सोनी ने बताया कि ब्वॉयलर में खराबी की वजह से यूनिट बंद हुई थी। उसे ठीक क्रिया गया है, लेकिन बिजली की मांग न होने की वजह से अभी यूनिट चालू नहीं की गई है। मांग आने पर उत्पादन शुरू किया जाएगा।