रायबरेली। विधि विश्लेषक प्रयोगशाला में कृष्णा भोग कुट्टू आटा और फर्स्ट क्राफ्ट ब्रान मूंगफली समेत चार नमूने फेल होने के बाद चेन्नई की कंपनी समेत छह कारोबारियों को नोटिस दिया गया है।
शहर के विशाल मार्ट से मूंगफली व ग्रोफर्स से कुट्टू आटा का नमूना भरा गया था। भदोखर की एक दुकान से ली गई उड़द दाल में कीड़े मिलने से नमूूना अनसेफ पाया गया। सभी कारोबारियों के खिलाफ मुकदमे की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपराजिता तिवारी ने शहर के कैनाल रोड स्थित मेगा मार्ट से फर्स्ट क्राफ्ट ब्रान मूंगफली और सुपर मार्केट स्थित ग्रोफर्स शॉप से कृष्णा भोग कुट्टू आटा का नमूना भरा था।
दोनों ही नमूने जांच में फेल मिले हैं। मूंगफली का नमूना फेल मिलने पर एयर प्लाजा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड माउंट रोड अन्ना सलाई चेन्नई व गुरु गुप्ता और कुट्टू आटा के मामले में द ड्रीम्स कॉर्पोरेशन व सुशील कुमार को नोटिस दिया है। एफएसओ नितिन कुमार द्वारा भरे गए कृष्णा स्वीट्स बछरावां से बेसन लड्डू का नमूना फेल होने पर दुकान के खिलाफ मुकदमे की प्रक्रिया शुरू की गई है।
भदोखर के अनुज गुप्ता की दुकान से भरे गए उड़द दाल का नमूना असुरक्षित घोषित किया गया है। अभिहित अधिकारी अजीत कुमार राय ने बताया कि नमूने फेल आने के बाद संबंधित कारोबारियों को नोटिस दिया है।