खीरों (रायबरेली)। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को चाकू मारकर घायल कर दिया। हालत गंभीर होने पर विवाहिता को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन ससुरालीजनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
खीरों थाना क्षेत्र के सगुनी गांव निवासी महमूद की शादी पिछले साल 14 नवंबर को डलमऊ क्षेत्र के कोरौली दमा गांव की रहने वाली सोफिया बानो के साथ हुई थी।
शादी के बाद से पति महमूद, सास जैबुननिशा, देवर मो. शराफत बाइक की मांग कर रहे थे। बाइक न देने पर आए दिन मारपीट करते थे।
बुधवार सुबह ससुरालीजनों ने सोफिया बानो पर चाकू हमला करके घायल कर दिया। विवाहिता की सूचना पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे।
पीड़िता का आरोप है कि एक बार ससुरालीजनों की पिटाई से गर्भपात भी हो गया था। थानेदार बृजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।