रायबरेली। महाशिवरात्रि पर मंगलवार को देवाधिदेव महादेव घरों और मंदिरों में पूजे जाएंगे। जिले में महाशिवरात्रि पर्व की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। शिव मंदिरों में सोमवार से ऊं नम: शिवाय का पाठ शुरू हो गया है। शिव मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। बड़े से लेकर छोटेे तक बच्चे पाठ में भाग ले रहे हैं।
कई मंदिरों से शिव बारात भी निकाली जाएगी। चंदापुर कोठी स्थित जगमोहनेश्वर शिव मंदिर में भव्य सजावट की गई है। यहां पर रुद्राभिषेक कार्यक्रम होगा। डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित पहलवान वीर बाबा शिव मंदिर में ऊं नम शिवाय का पाठ शुरू कराया गया। यहां पर शिव बारात निकाली जाएगी।
बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के सुदौली गांव स्थित भंवरेश्वर मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र है। लखनऊ, उन्नाव व रायबरेली जनपद की सीमा पर सई नदी के तट के किनारे प्राकृतिक घटाओं के बीच यह सुप्रसिद्ध मंदिर स्थित है। भंवरेश्वर मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है। मंदिर की देखरेख करने वाले सुनील गोस्वामी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में लोग यहां पर जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक रोहनियां ब्लॉक क्षेत्र के हमीदपुर बड़ागांव स्थित गौरीशंकर शिव मंदिर, मिर्जापुर ऐहारी गांव के स्वयं भू शिवलिंग बूढ़े बाबा मंदिर, एनटीपीसी के मनकामेश्वर मंदिर में शिवरात्रि की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को महाशिवरात्रि पर इन मंदिरों पर बड़ी संख्या में भक्त जलाभिषेक करेंगे। बादशाहपुर घाट के दंडी स्वामी ने बताया कि मंगलवार को शिवरात्रि के अवसर पर यहां भक्तों का जमावड़ा रहेगा।
हरचंदपुर प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के रहवां गांव स्थित अचलेश्वर महादेव का प्राचीन मंदिर में महाशिवरात्रि के पर्व पर यहां विशेष हवन-पूजन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिर लगभग दो सौ वर्ष से अधिक पुराना है। भक्तों के भारी संख्या में यहां पहुंचने के कारण सुरक्षा के व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। संकटमोचन निलेश्वर शिवधाम में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी हो गई हैं। यह मंदिर लगभग 40 वर्ष पुराना है। दूरदराज से लोग यहां पर जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।
राही ब्लॉक क्षेत्र के सैदनपुर गांव स्थित जमुनेश्वर शिव मंदिर में शिव-पार्वती की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा होगी। गांव निवासी भक्त महेश त्रिवेदी और उनकी धर्मपत्नी सुनीता त्रिवेदी की ओर से मंदिर में पूजन कार्यक्रम शुरू करा दिया गया है। मंगलवार सुबह छह बजे शिव बारात निकाली जाएगी। इसके बाद प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा।
पंडित अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि भंडारा कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। क्षेत्र के जगतपुर भिचकौरा गांव में मंगलवार को महाशिवरात्रि के पर्व पर गांव स्थित लटियारे वीर बाबा मंदिर परिसर में विशाल जवाबी कीर्तन होगा। आयोजन समिति के सदस्य संजय द्विवेदी ने बताया कि कार्यक्रम में रायबरेली से कीर्तनकार शशि राजकमल और कानपुर की क्रांति माला के बीच मुकाबला होगा।