रायबरेली। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी व जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के मोहल्लों की बदहाली और जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं देखीं।
बस स्टेशन सहित अन्य स्थलों पर जाम की समस्या पर मंत्री ने डीएम को तीन दिन में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। मोहल्लों में कूड़े के ढेर देकर मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए अधिशासी अधिकारी को इसे हटवाने का आदेश दिया।
मंत्रियों की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह शहर के कप्तान का पुरवा, प्रभु टाउन, बस स्टॉप आदि क्षेत्रों की सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
रमेश कुमार, राम बहादुर सोनकर, राम प्रकाश व अशोक कुमार सोनकर आदि लाभार्थियों से पीएम आवास की जानकारी ली। मोहल्ले में मधुर किशोर बाजपेयी ने मंत्री को बताया कि यहां नगर पालिका सफाई नही करवाती है।
इस पर मंत्री ने अधिशासी अधिकारी को निरंतर सफाई के साथ ही कूड़ा हटवाने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रभु टाउन में एक होटल संचालक की ओर से अतिक्रमण का आरोप लगाया गया। मंत्री ने तत्काल अतिक्रमण हटवाने का आदेश दिया। उन्होंने अतिक्रमण को हटवाकर नालियों को ठीक कराने के आदेश दिए।
मंत्रियों की टीम ने जिला अस्पताल में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जनरल वार्डों में जाकर रोगियों से बात की। कई मरीजों ने बताया कि इंजेक्शन लगाया जाता है पर वार्ड में दवा नहीं मिलती है।
संसदीय कार्यमंत्री ने सीएमएस को व्यवस्था में सुधार लाने के साथ ही दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बारिश में संक्रामक रोगों से निपटने के लिए भी तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम माला श्रीवास्तव, एसपी श्लोक कुमार, सीडीओ प्रभाष कुमार, एडीएम प्रशासन अमित कुमार व नगर मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने गोशाला देखी, बच्चों से सुना पहाड़ा
संसदीय कार्यमंत्री व उनकी टीम ने राही ब्लॉक के बेलाखारा में वृहद गोशाला व त्रिपुला स्थित कान्हा गोवंश विहार का निरीक्षण किया। मंत्री ने आवारा पशुओं को संरक्षित कराने के साथ ही उन्हें धूप व गर्मी से बचाने के निर्देश दिए। गोशाला में गोवंशों को गुड़ भी खिलाया। मंत्री ने प्राथमिक स्कूल सुरजूपुर में कक्षा पांच की छात्रा अंजली से 15 का पहाड़ा सुना व अशिका पाल व अतुल से 13 का पहाड़ा सुना। छात्रा कोमल ने शिक्षा व्यवस्था व एमडीएम के बारे में बताया। गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं।