रेलवे बोर्ड के मेंबर मेकैनिकल हेमंत कुमार ने शनिवार को मॉडर्न कोच फैक्ट्री पहुंचकर उत्पादन की हकीकत जानी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की और उत्पादन की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
मेंबर मेकैनिकल शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे मॉडर्न कोच कारखाना पहुंचे। जीएम आलोक दबे ने पूरे अमले के साथ स्वागत किया। उसके बाद वह व्हील शॉप पहुंचे। वेल्डिंग मास्क की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।
फिनिशिंग शॉप में अत्याधुनिक तकनीक से बनाए गए कोच का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कोच में सफाई का सामान रखने के लिए स्थान बनाए जाने, बोगी के भीतर तापमान नापने के लिए डिस्प्ले को सही करने, आपातकालीन खिड़की पर विशेष ध्यान देने व बॉटल स्टैंड को दीवार की ओर लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर 300वें अत्याधुनिक तकनीक से बनाए गए कोच का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने कोच में लगाए जा रहे बायो टॉयलेट के बारे में जानकारी ली।
फर्निशिंग स्टोर द्वितीय में स्वचालित भंडारण प्रणाली और सर्वर रूम का उद्घाटन किया। वहां से निकलकर मेंबर मेकैनिकल एमई एडमिन में अधिकारियों के साथ बैठक की और कारखाने की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने दो मेगावाट की क्षमता से बने सौर्य पैनल का भी निरीक्षण किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेंबर मेकैनिकल ने कहा कि यहां पर विश्वस्तरीय कोच बनाए जा रहे हैं।
कोचों के निर्माण में नई संभावनाएं तलाशी गई हैं उनका ट्रॉयल किया जाएगा। इस मौके सीएमई विजय कुमार अग्रवाल, सीपीएम एके शर्मा, डिप्टी सीपीएम मो. सैफ, डिप्टी सीएमई सूर्यवीर सिंह चौहान, सीएमएम रामलाल, सीपीओ रेनू शर्मा, डिप्टी सीई एसके सिंह, एलबीएस मौर्या, आरएन टोपो, घनश्याम चौरसिया मौजूद रहे।